|
कुदरत की सौगात हमारा जलजीरा
दे गर्मी को मात हमारा जलजीरा
सूरज जब आगी बरसाए
लू भी जब तन को झुलसाये
दे राहत की साँस हमारा जलजीरा
स्वाद तराजू पर जब तोला
हार गये हैं पेप्सी कोला
देता सबको मात हमारा जलजीरा
आँधी पेड़ों को झकझोरे
टप-टप-टप-टप गिरे टिकोरे
झटपट बीन बनाएँ हमारा जलजीरा
मिले पोदीना मन को भाये
जीरा सौंधी महक लुटाये
मन की प्यास बुझाए हमारा
इसमें इतने गुण हैं समाये
घाम-ताप को दूर भगाये
स्वादों का सरताज हमारा जलजीरा
- मधु प्रधान |