अंजुमनउपहारकाव्य संगमगीतगौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहे पुराने अंक संकलनअभिव्यक्ति कुण्डलियाहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतर

        नव संवत्सर वर्ष का

 
नव-संवत्सर वर्ष का, करने को आह्वान।
चैत पहनकर आ गया, सुन्दर-सा परिधान।।

मन मधुवन सा लगे, अधरों पर मृदु हास।
लगा चैत के आँगना, उतरा है मधुमास।।

मन ही मन मुस्का रही, देख धरा का रूप।
अवगुंठन से झाँकती, चैत मास की धूप।।

अँखुआये हर डाल पर, चैत लुटाये प्यार।
जड़-चेतन में कर रहा, प्राणों का संचार।।

चटखारे ले चैत में, इत उत डोले मीत।
कली-कली के कान में, भ्रमर सुनाये गीत।।

खेतों से खलिहान तक, भरे अन्न-भंडार।
मिला चैत को चैत में, फसलों का उपहार।।

उत्सव का आनंद है, चैत-चाँद, नवरात।
आध्यात्मिक परिवेश में, राम-जनम सौगात।।

गाँव-गली में गूंजते, ढोल, मजीरे, थाप।
चैती गा-गा झूमते, लोग सभी, मैं, आप।।

कुछ तो है इस चैत में, मातृ शक्ति आशीष।
श्रद्धा के अधिभार से, झुक जाते हैं शीश।।

ध्यान, भक्ति, तप, योग का, जीव करे उपयोग।
मिट जायेंगे चैत में, तन-मन के सब रोग।।

- श्रीधर आचार्य 'शील'
१ अप्रैल २०२६

इस रचना पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलन हाइकु हास्य व्यंग्य क्षणिकाएँ दिशांतर समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है

hit counter