अंजुमनउपहारकाव्य संगमगीतगौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहे पुराने अंक संकलनअभिव्यक्ति कुण्डलियाहाइकुहास्य व्यंग्यक्षणिकाएँदिशांतर

        चैत का आना

 
चैत का आना वैसा नहीं अब
नौरात्रों की हल्की सिहरन भरी सुबहों में
कालियावाले दुर्गा मंदिर जाना
“अम्बे तू है जगदम्बे काली”
आरती में डूब जाना
छूट गया बरसों पहले,
अब वो समय नहीं।

साते का मेला लगा करता था
मंदिर के कच्चे रास्ते पर
उत्साह और कौतूहल
की वह राह
अब कोई पकड़ता नहीं,
रंग, गुड़, खिलौनों की वह गूँज शहर तक
कभी पहुँची नहीं।

हाथों में थाली, दीये की काँपती लौ,
भीड़ में पहचान का वह अपनापन
सब पीछे छूट गया
कोयल की तान सुबह की हड़बड़ाहट में बिखर जाती है।
बौर की गंध दफ्तर की नीरस फाइलों में ठहर जाती है
आँगन की हँसी कमरों में गुमसुम रहती है
मिट्टी की सौंधी स्मृति
कंक्रीट तले ऐंठी है।

फिर भी
मन के सूखे कोने में एक कोंपल अड़ी रहती है
समय की दरारों में धीरे-धीरे हरी रहती है।
चैत आता है तो, कहता है-
इस शोर में भी सुनो,
थोड़ा सा आकाश बचाकर
अपने भीतर एक मौसम चुनो।
उस आवाज़ में उम्मीद है
शायद कभी कदम मुड़ जाएँ
और हम फिरकिसी मंदिर की सीढ़ियों पर
चैत को पा जाएँ।

- भावना सक्सेना
१ अप्रैल २०२६

इस रचना पर अपने विचार लिखें    दूसरों के विचार पढ़ें 

अंजुमनउपहारकाव्य चर्चाकाव्य संगमकिशोर कोनागौरव ग्राम गौरवग्रंथदोहेरचनाएँ भेजें
नई हवा पाठकनामा पुराने अंक संकलन हाइकु हास्य व्यंग्य क्षणिकाएँ दिशांतर समस्यापूर्ति

© सर्वाधिकार सुरक्षित
अनुभूति व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इसमें प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक सोमवार को परिवर्धित होती है

hit counter